अखिलेश यादव का बड़ा ऐलान: सपा सरकार बनी तो 16 अगस्त को यूपी में होगी छुट्टी, वंदे मातरम् विवाद पर तोड़ी चुप्पी
सपा अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने वीरांगना अवंती बाई लोधी की 196वीं जयंती के मौके पर बड़ा ऐलान किया। लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित सम्मेलन में उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर 16 अगस्त को वीरांगना अवंती बाई लोधी की जयंती पर सरकारी छुट्टी घोषित की जाएगी।
अखिलेश यादव ने कहा कि 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के साथ 16 अगस्त को वीरांगना अवंती बाई लोधी की वीरता और शौर्य को याद किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आजादी की लड़ाई में अवंती बाई लोधी ने अंग्रेजों का बहादुरी से मुकाबला किया था। महारानी लक्ष्मी बाई के साथ वीरांगना अवंती बाई लोधी का भी स्वतंत्रता संग्राम में महत्वपूर्ण योगदान रहा है।
उन्होंने यह भी कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर लखनऊ के गोमती रिवरफ्रंट पर वीरांगना अवंती बाई लोधी की भव्य प्रतिमा स्थापित की जाएगी। प्रतिमा के हाथ में सोने की तलवार होगी और इसके जरिए उनके साहस और बलिदान को सम्मान दिया जाएगा।
अखिलेश बोले- आगामी विधानसभा चुनाव बेहद महत्वपूर्ण
अवंती बाई लोधी जयंती समारोह को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने आगामी विधानसभा चुनाव को बेहद महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से एक-एक वोट जोड़ने की अपील की। अखिलेश ने कहा कि पीडीए में सभी वर्गों को शामिल कर एक मजबूत गठबंधन तैयार किया जाएगा।
उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में पिछले करीब 10 वर्षों से भाजपा की सरकार है, जबकि केंद्र में भी लंबे समय से भाजपा सत्ता में है। अखिलेश यादव ने कहा कि जिन लोगों को कभी बहुत ताकतवर माना जाता था, उन्हें नौजवानों और छात्रों ने झुका दिया।
किसानों और स्कूलों को लेकर भाजपा सरकार पर हमला
अखिलेश यादव ने किसानों के मुद्दे पर भी भाजपा सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि आलू और मक्का पैदा करने वाले किसानों को उनकी फसल की उचित कीमत नहीं मिल सकी। कन्नौज, फर्रुखाबाद, मैनपुरी और आसपास के जिलों में किसानों को नुकसान उठाना पड़ा।
उन्होंने गोरखपुर में प्राथमिक स्कूलों के बंद होने का भी मुद्दा उठाया। अखिलेश यादव ने दावा किया कि मुख्यमंत्री के गृह जिले गोरखपुर में 500 प्राथमिक स्कूल बंद किए गए हैं।
अखिलेश यादव ने अयोध्या को लेकर भी भाजपा पर हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि रामराज्य की बात करने वालों के शासन में अयोध्या में राम के नाम पर धन की लूट हुई और मंदिर में चढ़ावे को लेकर भी सवाल खड़े हुए।
इस दौरान अखिलेश यादव ने वीरांगना अवंती बाई लोधी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके योगदान को याद किया।