अयोध्या से सीएम योगी का सियासी संदेश, बाबरी के भक्तों को लेकर सपा-कांग्रेस पर साधा निशाना
अयोध्या के दिगंबर अखाड़ा में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सपा-कांग्रेस पर तीखा निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि ‘चंदा चोरी’ जैसे मुद्दों के जरिए अयोध्या और सनातन धर्म को विपक्षी नेता बदनाम करने की कोशिश में लगे हैं।
योगी ने विपक्षी नेताओं को ‘कालनेमी’ बताते हुए कहा कि राम और बजरंगबली की भक्ति का दावा करने वालों को उनके आचरण से पहचानना जरूरी है। उन्होंने कहा कि जो लोग राम जन्मभूमि आंदोलन के समय रामभक्तों के विरोध में खड़े थे, वे आज राम-राम जपकर जनता को भ्रमित करने की कोशिश कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने अयोध्या के बदलते स्वरूप का जिक्र करते हुए कहा कि राम की पैड़ी और सरयू घाटों के विकास से शहर में बड़ा बदलाव आया है। अयोध्या अब आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और भौतिक विकास के नए स्वरूप के साथ दुनिया के सामने उभर रही है।
उन्होंने कहा कि अयोध्या सप्तपुरियों में प्रथम पुरी है, इसलिए इसका विकास भी उसकी धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान के अनुरूप होना चाहिए। सीएम योगी ने कहा कि अयोध्या को निशाना बनाना केवल राम जन्मभूमि को निशाना बनाना नहीं, बल्कि सनातन धर्म पर हमला है। उन्होंने रामभक्तों से ऐसे लोगों को पहचानने और उनके प्रति सजग रहने की अपील की।