बंगाल के पूर्व डिप्टी स्पीकर और ममता के करीबी आशीष बनर्जी ने की आत्महत्या, TMC कार्यालय में फंदे से लटका मिला शव
पश्चिम बंगाल से बड़ी खबर सामने आई है। पूर्व डिप्टी स्पीकर और तृणमूल कांग्रेस (TMC) के वरिष्ठ नेता आशीष बनर्जी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। 16 अगस्त की सुबह बीरभूम जिले के एक TMC कार्यालय में उनका शव फंदे से लटका मिला। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।
आशीष बनर्जी रामपुरहाट के वार्ड नंबर 5 के हत्तलापारा इलाके में रहते थे। उनके घर के पास ही TMC का स्थानीय कार्यालय स्थित है। पुलिस के मुताबिक, कार्यालय से एक कथित सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसमें लिखा है कि उनकी मौत के लिए कोई जिम्मेदार नहीं है।
सुसाइड नोट में रेत टेंडर का जिक्र
पुलिस के अनुसार, कथित सुसाइड नोट में आशीष बनर्जी ने एक रेत टेंडर से जुड़े मामले का उल्लेख किया है। नोट में उन्होंने TRDA (तारापीठ रामपुरहाट डिवेलपमेंट अथॉरिटी) में अपनी भूमिका और अधिकारों को लेकर स्पष्टीकरण दिया है।
नोट में कथित तौर पर उन्होंने लिखा कि करीब साढ़े तीन वर्षों तक उन्हें TRDA में कोई फाइल नहीं दी गई और उनके पास सीधे तौर पर कोई जिम्मेदारी या अधिकार नहीं थे। वह केवल बैठकों में शामिल होते थे। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वह न तो टेंडर कमेटी के सदस्य थे और न ही उनके पास चेक पर हस्ताक्षर करने का अधिकार था।
आशीष बनर्जी ने कथित तौर पर यह भी लिखा कि उन्होंने न किसी योजना को मंजूरी दी और न ही कोई NOC जारी किया। उनके अनुसार, इन मामलों में उन्हें कोई अनुदान भी नहीं दिया गया था। उन्होंने दावा किया कि इन विषयों पर उनसे कोई चर्चा नहीं हुई और न ही इस पूरी प्रक्रिया में उनकी कोई भूमिका थी।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सुसाइड नोट और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।